राजनांदगांव जिले में भाजपा का क्लीन स्विप : महापौर पद पर मधुसूदन की बड़ी जीत, 3 नगर पंचायतों, 1 पालिका पर भी भाजपा का कब्जा

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम जारी हो गए हैं। जिले के सभी निकायों में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। राजनांदगांव नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने बड़े मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। यादव को चुनाव में कुल 44 हजार 455 वोट मिले हैं। वहीं निखिल द्विवेदी को कुल 21 हजार 379 वोट मिले हैं। मधुसूदन यादव ने 44 हजार 455 मतों से कांग्रेस के निखिल द्विवेदी को हराया है।

राजनांदगांव नगर निगम में महापौर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे। यहां के 51 वार्ड से 176 पार्षद चुनाव लड़ रहे थे। जिसमें भाजपा के 39 पार्षद, कांग्रेस के 8 पार्षद और 4 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। छुरिया नगर पंचायत में भाजपा के 7, कांग्रेस के 7 और 1 निर्दलीय पार्षद ने जीत दर्ज की है। डोंगरगांव नगर पंचायत से भाजपा के 11, कांग्रेस के 3 और 2 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। डोंगरगढ़ नगर पालिका से भाजपा के 14, कांग्रेस के 6 और 4 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। वहीं नगर पंचायत लाल बहादुर नगर से भाजपा के 8, कांग्रेस के 2 और 5 निर्दलीय पार्षद ने जीत का परचम लहराया है।

सभी 5 निकायों के अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्ज़ा 

राजनांदगांव नगर निगम, महापौर मधुसूदन यादव (भाजपा) जीते उन्होंने निखिल द्विवेदी (कांग्रेस) को हराया है। वहीं डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद,अध्यक्ष रमन डोंगरे (भाजपा) जीते हैं उन्होंने नलिनी मेश्राम (कांग्रेस) को हराया है। नगर पंचायत डोंगरगांव में अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी (भाजपा) ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के रोशन यदु को हराया है। वहीं नगर पंचायत छुरिया,अध्यक्ष अजय पटेल (भाजपा) जीते, रितेश जैन (कांग्रेस) हारे। नगर पंचायत लालबहादुर नगर,अध्यक्ष देवेंद्र साहू (भाजपा) जीते और राजू साहू (कांग्रेस) हारे।

74.12 फीसदी हुआ मतदान 

नगरीय निकाय चुनाव में कुल 75.82 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में 74.12 फीसदी मतदान हुआ है। जिले के पांच नगरीय निकायों में 76.77 प्रतिशत पुरुषों और 74.93 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही 60 प्रतिशत तृतीय लिंग के मतदाताओं ने भी वोट डाले हैं।

1 लाख 35 हजार वोटर

राजनांदगांव नगर निगम चुनाव में कुल 1 लाख 35 हजार मतदाता है, जिनमें 87 हजार 562 पुरुष, 94 हजार 228 महिला और 5 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिसमें से 74.12 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

युवा चेहरे को अनुभव ने दी मात

राजनांदगांव नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा के मधुसूदन यादव और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था। जिसमें मधुसूदन यादव ने 40 हजार से अधिक मतों से बड़ी जीत दर्ज की है। गौरतलब है कि, मधुसूदन यादव पूर्व में सांसद और महापौर भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के करीबी माने जाते हैं। निखिल द्विवेदी पहली बार चुनावी रण में उतरे थे। उनका मुकाबला अनुभवी और कद्दावर नेता मधुसूदन यादव से था। वहीं पार्टीगत गुटबाजी और चुनाव प्रबंधन की कमी भी निखिल की हार के कई कारणों में से प्रमुख कारण रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *