स्वामित्व योजना में धमतरी ने हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान, 50 हजार से अधिक परिवारों को मिला संपत्ति का अधिकार

धमतरी. प्रदेश में धमतरी जिला ने ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का अधिकार दिलाने के मामले में पहला स्थान प्राप्त किया है. स्वामित्व योजना के तहत जिले के 501 राजस्व ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि 63 हजार 826 अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं. इनमें से 50 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को अधिकार अभिलेख वितरित किए जा चुके हैं.

78 हजार 416 अभिलेख तैयार करने का लक्ष्य

स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी भूमि पर निवासरत परिवारों को उनकी संपत्ति का दस्तावेजी प्रमाण दिया जा रहा है. जिले में 78 हजार 416 अभिलेख तैयार करने का लक्ष्य तय किया गया है. अब तक 501 ग्रामों में प्रथम प्रकाशन और 390 से अधिक ग्रामों में अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. योजना से जमीन-मकान के अधिकारों में स्पष्टता आएगी और संपत्ति संबंधी विवादों की रोकथाम में मदद मिलेगी.

शेष कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर फोकस

प्रशासन ने शेष प्रक्रिया नवंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा है. स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से धमतरी के ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का दस्तावेजी अधिकार मिल रहा है. अब प्रशासन की नजर शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर है.