छत्तीसगढ़ के  शिमला में गुटखा-तंबाकू बैन, बेचा तो दुकान का आबंटन रद्द, सीतापुर विधायक ने दिए निर्देश

अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट के पर्यटन स्थलों को अब पूरी तरह स्वच्छ और नशा मुक्त बनाया जाएगा. सीतापुर विधानसभा के विधायक रामकुमार टोप्पो मैनपाट के पर्यटन स्थलों में गुटखा, तंबाकू और सिगरेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है. विधायक टोप्पो ने शनिवार को मैनपाट के विभिन्न पर्यटन स्थलों का जायजा लिया.

गंदगी पर जताई नाराजगी

इस दौरान विधायक ने वहां फैली गंदगी और गुटखा-तंबाकू के कारण हो रही गंदगी पर नाराजगी जताई. उन्होंने स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन दुकानों में गुटखा, तंबाकू और सिगरेट बेचा जाएगा, उन दुकानों का आबंटन तत्काल रद्द कर दिया जाए. विधायक ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है. यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं. पर्यटन स्थलों पर गुटखा थूकने से गंदगी फैलती है और छत्तीसगढ़ की छवि खराब होती है. इसलिए स्वच्छता को लेकर यह सख्त निर्णय लिया गया है.

महिलाओं को लेकर भी बड़ा ऐलान

इसके साथ ही पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक ने एक और बड़ा ऐलान किया है. मैनपाट के पर्यटन स्थलों तक जाने वाली सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे. इससे खासकर महिला पर्यटकों और परिवार के साथ आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.

यातायात व्यवस्था पर भी फैसला

हाल ही में विधायक द्वारा मैनपाट के पर्यटन स्थलों को अच्छी दिशा में आगे बढ़ाने के लिए बड़े फैसले लिए हैं. सरगुजा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा भी फैसला लिया है. पिछले एक साल के भीतर मैनपाट में एक लाख से अधिक पर्यटकों के पहुंचने के बाद अब पर्यटन सीजन और व्यस्त समय में बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे से 10 बजे तक बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही बंद रहेगी. वहीं शाम के समय भी करीब दो घंटे तक भारी वाहनों को मैनपाट की सड़कों पर संचालित नहीं किया जाएगा.