JEE-NEET की तैयारी पर लगा ब्रेक: फीस नहीं मिलने पर एलन इंस्टीट्यूट ने DMF फंड से पढ़ने आए छात्रों को निकाला, नाराज अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट घेरा

कोरबा। जिले के मेधावी छात्रों को जेईई-नीट की तैयारी के उद्देश्य से DMF फंड से रायपुर के एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था, लेकिन अब इन विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है। संस्थान की फीस जमा नहीं होने के कारण एलन इंस्टीट्यूट ने बच्चों की क्लास लेने से मना कर दिया है। फीस बकाया होने के चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। गुरुवार को नाराज अभिभावक बच्चों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और बकाया फीस तत्काल जमा करने की मांग की।

डीएमएफ फंड से भेजे गए थे बच्चे

दरअसल, डीएमएफ फंड से जेईई-नीट के छात्रों को रायपुर एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था। थे। बच्चे 26 मई 2025 को कलेक्ट्रेट से रवाना हुए थे, जिनके सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है। फीस जमा नहीं होने के कारण संस्थान ने क्लास करने से मना कर दिया है।

आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी

इससे नाराज अभिभावक बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक पूरी फीस जमा नहीं होती, बच्चों को रायपुर नहीं भेजेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने आंदोलन और चक्काजाम की बात भी कहीं है।

जल्द जमा होगी शेष राशि- DEO

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि अब तक 2 लाख रुपये जमा किए गए हैं, शेष राशि जल्द जमा होगी। वहीं अभिभावकों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही से बच्चों का भविष्य दांव पर है। 26 मई 2025 को बड़े सपने दिखाकर रवाना किए गए बच्चों को अब अनिश्चितता झेलनी पड़ रही है।