धान खरीदी पर केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा “राज्य को दिवालिया करने पर आमादा”

०० केन्द्रीय मंत्री पटेल ने कहा, राज्य पर कर्ज बढ़ता जा रहा है, लेकिन थाली है खाली

रायपुर| केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल के पक्ष में जनसंपर्क के लिए दो दिन के चुनावी दौरे पर खैरागढ़ पहुंचे, केन्द्रीय मंत्री पटेल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। धान खरीदी के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस उसे 2500 से 2800 रुपए कर रही है। पहले तो रुपए केंद्र ने भेजे हैं, उसका सही इस्तेमाल करे। कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस दिवालिया करने पर आमादा है। राज्य पर कर्ज बढ़ता जा रहा है, लेकिन थाली खाली है। फिलहाल धान बोनस पर दिए उनके बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भी इस पर पलटवार किया है।

खैरागढ़ के अमलीडीह में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में हुई सभा के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र ने जल शक्ति मिशन में 1431 करोड़ रुपए दिए, लेकिन जनता पर उसकी छीटें तक नहीं पड़ी। कहा कि हम तो चौकीदार हैं। कांग्रेस का पाखंड बेनकाब करना ज्यादा जरूरी है। पिछले साढ़े 3 सालों में कांग्रेस ने ऐसा कोई भी काम नहीं किया, जिससे हर बार वह यहां वोट मांग पाए। मैं मानता हूं कि राज्य सरकार कि जो विफलता है उसका पैमाना तय होगा। खैरागढ़ को नया जिला बनाने की घोषणा के बारे में केंद्रीय मंत्री ने कहा साढ़े 3 सालों में उन्हें किसने रोका था, यह जवाब उन्हें देना चाहिए। खैरागढ़ को जिला बनना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने भयभीत होकर घोषणा की है। वहीं धान खरीदी को लेकर बोले कि लगता है कि राज्य को दिवालिया करने पर कांग्रेस आमादा है। साथ ही कहा कि वह पार्टी के आभारी हैं जो उनको स्टार प्रचारक बनाकर यहां भेजा गया है। केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल के पक्ष में जनसंपर्क के लिए दो दिन के चुनावी दौरे पर खैरागढ़ पहुंचे इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे के साथ पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इससे पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जनता को राजा देवव्रत सिंह के अपमान का बदला लेना है। उनकी मृत्यु पर यहां चुनाव हो रहा है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील है। ज्ञात हो कि खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को परिणाम जारी होंगे। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा की कोमल जंघेल को केवल 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *