बिलासपुर. बिलासपुर में पूर्ण विकसित एयरपोर्ट और महानगरों के लिए सीधी हवाई उड़ान शुरू करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों उल्टा चलकर मार्च किया.आंदोलन के सात साल पूरे होने पर प्रदर्शनकारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया. एयरपोर्ट की मांग कर रहे आंदोलनकारियों ने उल्टा चलकर मार्च निकाला और ‘उल्टा चलो’ अभियान की शुरुआत की.
आंदोलनकारियों का कहना है कि बिलासपुर में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है. इसी के विरोध में उन्होंने उल्टा चलकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया.

प्रदर्शन के जरिए आंदोलनकारी बिलासपुर में पूर्ण विकसित एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराने और देश के प्रमुख महानगरों के लिए सीधी हवाई उड़ान शुरू करने की मांग उठा रहे हैं. उनका कहना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही आम नागरिकों को भी यात्रा करने में सुविधा होगी.
कई संगठनों ने दिया आंदोलन को समर्थन
बिलासपुर में पूर्ण विकसित एयरपोर्ट की मांग को लेकर हुए आंदोलन को विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है. इनमें जिला अधिवक्ता संघ, मर्चेंट एसोसिएशन, व्यापारिक संगठन, जिला उद्योग संघ, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), होटल एसोसिएशन, क्रिकेट संघ, हॉकी संघ और रेलवे मेंस कांग्रेस सहित कई संगठन शामिल हैं.
रनवे विस्तार कर बड़े विमानों के संचालन की मांग
समिति के सदस्य विनय शुक्ला ने बताया कि बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से मार्च 2021 में व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत हुई थी. लेकिन रनवे की लंबाई करीब 1,500 मीटर होने के कारण यहां फिलहाल छोटे विमानों का ही संचालन हो पा रहा है. बड़े विमानों के उतरने की सुविधा नहीं होने से हवाई सेवाओं का विस्तार नहीं हो पा रहा है. समिति की मांग है कि रनवे की लंबाई बढ़ाकर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके और बिलासपुर से देश के प्रमुख महानगरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा सकें.