कब पूरा होगा शिक्षक बनने का सपना? D.Ed अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के बंगले का किया घेराव, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर. प्रदेश के डीएड अभ्यर्थियों ने एक बार फिर 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है. राजधानी रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का सुबह 6:30 बजे घेराव कर डीएड अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है. इससे पहले 5 नवंबर को प्रदर्शनकारी मंत्री बंगला में घुसकर धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद से यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, डीएड अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. लंबे समय से आंदोलन के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से अभ्यर्थी में नाराजगी जारी है. आज फिर वह शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंच गए हैं. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है. पुलिस लगातार अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है. इस बीच कुछ लोगों को पुलिस उठाकर गाड़ी में भर रही है.

कोर्ट के आदेशों के बावजूद नहीं हो पाई है नियुक्ति

बता दें कि यह मामला वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा है. डीएड अभ्यर्थियों का आरोप है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति निरस्त होने के बाद रिक्त पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी थी, लेकिन प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई. अभ्यर्थियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद नियुक्ति नहीं हो पाई है. वे न्यायालय के आदेशों का पालन कराने की मांग भी कर रहे हैं. आंदोलन के दौरान अभ्यर्थी कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं. इसके अलावा कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन जैसे अलग-अलग तरीके अपना चुके हैं. अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति और नियुक्ति की निश्चित समय-सीमा घोषित करना है.