०० दूसरे लड़के से बात करने पर होता था विवाद, फिर झगड़ा हुआ तो पीटने के बाद गला दबा दिया
रायपुर| पत्नी की चरित्र पर शंका करते हुए पति ने डंडे से पीट-पीटकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए कर दी, क्योंकि वह उत्तरप्रदेश के लड़के से मोबाइल पर बातें करती था। मामला हिर्री थाना क्षेत्र का है।
ग्राम अटर्रा निवासी इंदल अहिरवार (35 साल) और उसकी पत्नी चंदा अहिरवार (30 साल) रोजी-मजदूरी करते थे। बुधवार की रात दोनों अपने बच्चे के साथ घर में थे। चंदा के मोबाइल में बात करने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। इस दौरान इंदल ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। फिर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी सांसे थमने लगीं और बेहोश हो गई। उसकी हालत देखकर इंदल ने पानी पिलाया। उसे शक हुआ कि उसकी मौत हो गई, तब वह घर से भाग निकला।
उसके बच्चों ने माता-पिता के झगड़े की जानकारी दादा-दादी को दी। तब परिजन उसके घर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के डायल 112 को कॉल किया। महिला को बेहोश देखकर बिल्हा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। इस घटना के बाद पुलिस आरोपी इंदल की तलाश में जुट गई।पुलिस ने उसके मोबाइल का लोकेशन निकाला, तब उसके बिल्हा तरफ होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे दबोच लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह आठ दिन पहले उत्तरप्रदेश से कमा कर लौटा है। TI बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि वह पत्नी की हत्या के बाद वह फिर से उत्तरप्रदेश भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी इंदल ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी बच्चों के साथ बीते दिसंबर महीने में उत्तरप्रदेश कमाने खाने गया था। वहां उसकी पत्नी एक लड़के से बातचीत करती थी। वापस गांव आने के बाद भी वह उस लड़के से बात करती थी। इसके चलते वह अपनी पत्नी की चरित्र पर शंका करता था। इसी विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी को मार दिया।