असम में BJP की ऐतिहासिक जीत: भाजपा का पोस्टर—जहां-जहां बघेल को मिली जिम्मेदारी, वहां-वहां हारी कांग्रेस; सुशील आनंद बोले—भाजपाई भूपेश से सीधा मुकाबला नहीं कर सकते

रायपुर। असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। यहां कांग्रेस की हार पर बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर भूपेश बघेल पर तंज कसा है। पोस्टर में लिखा है कि बघेल को जहां-जहां मिली जिम्मेदारी वहां-वहां कांग्रेस बुरी तरह हारी।

भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव अध्यक्ष नागरिक आपूर्ति निगम ने कहा है कि ये आज से नहीं कह रहे बल्कि पहले से कहते आ रहे हैं। बिल्कुल यही होता है। बघेल को जहां-जहां जिम्मेदारी मिली है वहां-वहां कांग्रेस बुरी तरह हारी है। इसके पहले के चुनाव देख सकते हैं और वर्तमान तो उदाहरण है। हम तो चाहते हैं कि आगे सभी चुनाव में कांग्रेस भूपेश बघेल को जिम्मेदारी दे, ताकि अभी तक जो हमारा जीत का सिलसिला है वो आगे भी जारी रहेगा।

वहीं बीजेपी के पोस्टर पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के लिए पोस्टर जारी किया, ये उनकी झुंझलाहट और भूपेश बघेल के प्रति उनके डर को दिखाता है।

सुशील आनंद ने कहा, छत्तीसगढ़ में भाजपा के पास भूपेश बघेल के कद का कोई नेता नहीं है। बार-बार वे भूपेश बघेल के लिए पोस्टर और फर्जी एआई वीडियो बनाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। भाजपा को मालूम है कि वे भूपेश बघेल से सीधे मुकाबला नहीं कर सकते। उन्हें पता होना चाहिए कि भूपेश के नेतृत्व में हिमाचल में सरकार बनाई गई है।