भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत शासकीय विद्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वहां जर्जर शौचालयों की स्थिति को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने आपत्ति जताई है। इस पर भिलाई नगर निगम आयुक्त vs जोन आयुक्त, जोन- 1, 2, 3, 4 एवं 5 को निर्देश जारी किया है।
दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी से कहा है कि मतदान केंद्र बने स्कूलों में जर्जर शौचालयों का आवश्यक निर्माण एवं संधारण कार्य कराना है। उक्त विद्यालयों में जर्जर शौचालयों के मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं आवश्यक निर्माण कार्य शिक्षा उपकर मद से कराए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाना है।
समग्र शिक्षा ने 45 केंद्रों की लिस्ट सौंपी: इससे पहले कार्यालय विकासखंड स्रोत केन्द्र समन्वयक, समग्र शिक्षा, विकासखंड-दुर्ग शहर ने निर्माण मतदान केन्द्र / 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग को बूथवार जानकारी दी। पत्र में कहा कि संकुल समन्वयकों से जानकारी मंगाकर एकजाई जानकारी भेजी जा रही है।
जमीन के सौदे में धोखाधड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
दुर्ग। भूमि सौदे में धोखाधड़ी कर लाभ कमाने वाले जमीन दलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्रार्थी से भूमि खरीदने के नाम पर 10.01 लाख की राशि प्राप्त कर बाद में उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर विक्रय कर लाभ कमाया था। भूमि का सीमांकन करने एवं मौके पर स्थित बिजली खंबे को हटवाने का आश्वासन देकर आरोपियों द्वारा प्रार्थी को लगातार झांसा दिया जाता रहा।
प्रार्थी विजय सिंह चौहान निवासी शांति नगर थाना वैशाली नगर ने 14 सितंबर को मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान अजय साहू से वर्ष 2024 में हुई थी। स्वयं को जमीन खरीदी बिक्री का कार्य करने वाला बताते हुए लोकेश खुल्लर एवं अमित साहू से परिचय कराया था। आरोपियों द्वारा प्रार्थी को उरला स्थित भूमि दिखाकर कम समय में अधिक लाभ होने का विश्वास दिलाया गया।
भूमि लगभग 10,000 वर्ग फीट बताई गई थी जिसे प्रार्थी द्वारा अकेले खरीदने में असमर्थता व्यक्त की। इस पर लोकेश खुल्लर द्वारा आधी भूमि स्वयं खरीदने तथा प्रार्थी के साथ साझेदारी में सौदा करने की बात कही थी। इसके बाद भूमि स्वामियों से मुलाकात कर भूमि का सौदा 1250 रुपए प्रति वर्ग फीट में तय किया गया। आरोपियों के कहने पर प्रार्थी ने अमित साहू को 51,000 रुपए तथा अन्य भूमि स्वामियों के नाम पर 5,00,000 एवं 4,50,000 रुपए के चेक दिए थे।
निर्धारित समय तक भूमि का सीमांकन एवं रजिस्ट्री नहीं कराई गई तथा प्रार्थी को लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में प्रार्थी को जानकारी मिली कि उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को विक्रय कर रजिस्ट्री कर दी गई है। राशि वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लकी मैत्री नगर भिलाई की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया है। इस मामले में अन्य दो आरोपी फरार है जिनकी तलाश में टीम लगी हुई है।
सेवा संकल्प अभियान के लिए लगी निगम अधिकारियों की ड्यूटी
दुर्ग। राज्य शासन के आदेशनुसार एवं कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार दुर्ग नगर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा निर्धारित विभिन्न गतिविधियों में नगर निगम दुर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के तहत नागरिकों की भागीदारी से सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम सहित अभियान की अन्य गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के लिए निगम आयुक्त लीना कोसम द्वारा नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
निगम द्वारा कार्यक्रमों के सुचारू संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। पुराना पुलिस ग्राउण्ड में 17 सितंबर को सवा लाख दीपों का प्रज्ज्वलन अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को संध्या 6 बजे पुराना पुलिस ग्राउण्ड, दुर्ग में आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ 17 सितंबर, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रसेवा 18 सितंबर से 3 अक्टूबर, नमो सेवा अनकही कहानियां’ 17 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर एवं 15 से 17 अक्टूबर, ‘आंगन मिलन सेवा’ 26 सितंबर से 2 अक्टूबर एवं 12 से 14 अक्टूबर, ‘सेवा की कहानी’ 17 से 21 अक्टूबर, ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प 7 अक्टूबर, ‘जल जन सेवा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ 23 से 25 सितंबर, ‘सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ 29 सितंबर, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 9 अक्टूबर तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ 17 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
महिला वर्कर को ढाबे में रखने पर बवाल, 5 पर केस दर्ज
दुर्ग। अंजोरा स्थित ठाकरे ढाबे में महिला वर्कर को काम पर रखने को लेकर हुए विवाद ने देर रात मारपीट और तोड़फोड़ का रूप ले लिया। खन्ना ढाबा के संचालक चेतन उर्फ सनी सहित तीन सगे भाइयों और उनके दो अन्य साथियों पर ठाकरे ढाबा के संचालक के साथ मारपीट करने तथा ढाबे में तोड़फोड़ करने का आरोप है। मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने पांचों के खिलाफ बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के अनुसार घटना 14 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे की है। शिकायत के मुताबिक ठाकरे ढाबा के संचालक दिनेश अपने भाई गोल्डी, ओम मणि और वर्कर के साथ ढाबे में मौजूद थे। इसी दौरान खन्ना ढाबा के संचालक चेतन उर्फ सनी अपने तीन सगे भाइयों एवं दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि महिला वर्कर को खन्ना ढाबे में काम करने के बजाय ठाकरे ढाबे में काम कराने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते आरोपियों ने दिनेश के साथ मारपीट की और ढाबे में तोड़फोड़ कर दी।
घटना के बाद मामले की शिकायत अंजोरा चौकी में की गई। पुलिस ने ठाकरे ढाबा संचालक दिनेश की रिपोर्ट पर खन्ना ढाबा संचालक चेतन उर्फ सनी सहित तीन सगे भाइयों और दो अन्य के खिलाफ धारा 191 (2), 296, 324(4), 331 (6) और 351 (3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना के कारणों और विवाद में शामिल सभी पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।
शहर में लगे कैमरे खराब, चोरी से सहमे व्यापारी और मकान मालिक
राजनांदगांव। शहर में आय दिन हो रही चोरी की घटना से शहरवासी सख्ते में आ गए है, वही बाजार इलाको में भी खुलेआम शटर तोड़कर लाखों रूपए की चोरी ने व्यापारियों को भी चिंता में डाल दिया है। और इधर शहर में लगाई गई पुलिस की तीसरी आंख ( त्रिनेत्र) खराब हो गई है। इससे समझा जा सकता है कि पुलिस ऐसे अपराधिक गतिविधियों को लेकर किस हद तक गंभीर है।
हाल में एक ही दिन में आठ जगह किए गए चोरो ने पुलिस को बड़ी चुनौती दे दी है । बहरहाल इसमें एक भी आरोपियों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है। विगत 12 सितंबर की रात शहर सहित आसपास के क्षेत्र में चोरों ने 8 जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें आशीर्वाद कालोनी के सूने मकान से डेढ़ लाख रुपए कैश सहित 50 लाख से अधिक के जेवरात की चोरी कर ली है। वहीं तुमड़ीबोड़ में पुलिस चौकी के सामने के दुकानों के शटर उखाड़कर चोरी की गई। है।
पुलिस के अनुसार आशीर्वाद और तुमड़ीबोर्ड में पेशेवर चोर या गैंग ने वारदात को अंजाम दिया है। इनके द्वारा पहले रेकी किए जाने की आशंका है। आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। इसके चलते पुलिस को संदेहियों की फुटेज भी नहीं मिली है। पुलिस पेट्रोलिंग के बाद भी चोर सक्रिय आने वाले दिनों में लगातार त्यौहारी सीजन है। वर्तमान में गणेश पर्व के बाद दशहरा फिर दीपावली पर्व होगा। ऐसे में व्यापारी वर्ग चिंता में है। पर्व के बीच ही चोर सक्रिय होते हैं।
इधर पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल उठ रहे है। तुमड़ीबोर्ड चौकी के सामने ही तीन दुकानों में घुसे चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे है। ऐसे में पुलिस द्वारा लगातार शहर में चौबीस घंटे पेट्रोलिंग किए जाने का दावा झूठ साबित हो रहा है।
लगातार शासकीय छुट्टी से काम प्रभावित
राजनांदगांव। लगातार पड़ रही शासकीय छुट्टियों के कारण सरकारी कार्यालयों का नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है। अलग-अलग कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को कर्मचारियों के अवकाश पर होने या कार्यालय बंद मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वही बैंक बंद होने से भी आम लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई है। त्योहारी सीजन के अवसर पर शासकीय अवकाश अधिक से अधिक होने के कारण यह दिक्कत बन रही है।
ज्ञात हो कि सावन महीने के बाद से लगातार त्योहार शुरू हो चुके हैं। अब गणेश पर्व भी मनाया जा रहा है। त्योहारी सीजन के बीच लगातार अवकाश होने से राजस्व, नगर निगम, तहसील, पंजीयन सहित कई सरकारी कार्यालयों से जुड़े जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। जिन लोगों ने अपने दस्तावेजों, प्रमाण पत्रों या अन्य शासकीय कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने की योजना बनाई थी, उन्हें अब अगले कार्यदिवस का इंतजार करना पड़ रहा है। यही स्थिति बैंकों में भी देखने को मिल रही है। पिछले सप्ताह के बीच कई दिनों तक बैंक बंद होने से बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हुआ।
छोटे काम के लिए भी लग रहा लंबा इंतजार
आम नागरिकों का कहना है कि कई सरकारी काम ऐसे होते हैं, जिनके लिए कार्यालय में अधिकारी या संबंधित कर्मचारी की मौजूदगी जरूरी होती है। लगातार छुट्टियों के कारण इन कार्यों में देरी हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है, क्योंकि एक बार कार्यालय का काम नहीं होने पर उन्हें दोबारा शहर आना पड़ता है।
छुट्टियों के बाद बढ़ रहा है काम का दबाव
लगातार अवकाश के बाद जब कार्यालय खुलेंगे तो लंबित आवेदनों और प्रकरणों की संख्या बढ़ने की संभावना बन जाती हैं। इससे पहले से ही दबाव में काम कर रहे कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और आम लोगों को भी काम पूरा कराने के लिए अधिक समय इंतजार करना पड़ सकता है।
नागरिकों का कहना है कि त्योहारी सीजन में जरूरी सेवाओं से जुड़े कार्यालयों में वैकल्पिक व्यवस्था या हेल्प डेस्क जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि लगातार छुट्टियों के बीच भी जरूरी कार्यों के लिए लोगों को पूरी तरह परेशान न होना पड़े। बहरहाल इन दिनों शासकीय अवकाश अधिक होने के कारण हर किसी की परेशानियां बढ़ी हुई है।
महंगाई की मार, बाजार में हाहाकार: गृहणी से लेकर व्यापारी तक परेशान
राजनांदगांव। विगत 1 महीने से और त्योहारी सीजन के बीच रोजमर्रा की जरूरत की खाद्य सामग्री के दाम बढ़ने से आम परिवारों का बजट बिगड़ चुका है। प्याज, चीनी, खाद्य तेल सहित कई जरूरी सामानों की कीमतों में तेजी होने से गृहिणियों की चिंता बढ़ गई है। जिले के बाजार क्षेत्र में खाद्य संबंधियों की कीमतों में तेजी होने के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते सब्जियों की आवक कम होने से सब्जियों की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है इससे भी घर का बजट बिगड़ रहा है।
ज्ञात हो कि अगस्त के महीने में खुदरा महंगाई बढ़कर 4.82 प्रतिशत हो गई, जबकि खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत दर्ज की गई। खाद्यान्न सामग्रियों की कीमतों में तेजी होने से लोग काफी परेशानी में नजर भी आ रहे हैं। राजनांदगांव जिले में प्याज के भाव करीब 39 से 53 रुपए किलो तक के भाव दर्ज हो रहे हैं। मंडी के आंकड़ों में सितंबर में प्याज का औसत भाव करीब 47-48 किलो बताया गया है। व्यापारियों का भी कहना है कि आवक कम होने के कारण प्याज की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
राजनांदगांव जिले के व्यापारियों से मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले में अभी भी थोक में प्याज 40-50 रुपए प्रति किलो, आलू 8- 25 रुपए प्रति किलो, टमाटर करीब 35- 40 प्रति किलो, चीनी 45-50 के आसपास प्रति किलो बताया जा रहा है। खाद्य तेल ब्रांड व प्रकार के अनुसार करीब 120-160 रुपए प्रति लीटर बने हुए हैं। लहसुन 150-200 रुपए के आसपास प्रति किलो बिक रही है।
प्याज ने बढ़ाई चिंता, कीमत में अभी भी तेजी
जिले के बाजार में प्याज के दाम में तेजी का असर सीधे रसोई के बजट पर पड़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार अगस्त में प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 48.27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस वृद्धि का असर स्थानीय बाजार में भी देखने को मिल रहा है। प्याज की कीमतों में अभी भी तेजी बनी हुई है, जिस घर का बजट बिगड़ रहा है।
तेल और किराना भी महंगा, ग्रहणी चिंता में
प्याज प्याज शक्कर सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के साथ-साथ खाद्य तेल, और अन्य किराना सामग्री के दाम बढ़ने से महीने का राशन खरीदने में पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है। महंगे तेल का असर सब्जी से लेकर नाश्ते और पकवान तक हर जगह दिखाई देता है। यही कारण है कि अब होटल में भी महंगाई का असर देखने को मिल रहा है।
क्या कहते हैं व्यापारी
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश वेद और संजय तेजवानी तथा अंजुम जायसवाल का कहना है कि खाद्यान्न सामग्रियों की कीमतों में तेजी अभी भी बनी हुई है। त्योहार के समय खाद्यान्न सामग्री महंगी होने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही है। फिर भी आपूर्ति प्रभावित न हो इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। राजनांदगांव जिले में भी बाहर से खाद्य तेल से लेकर प्याज, शक्कर और अन्य सामग्रियां मंगाई जाती है।