स्टेडियम के नजदीक लगी भीषण आग, 15 फीट ऊंची उठीं लपटें, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

कोंडागांव। शहर के विकास नगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेडियम के पास अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 फीट ऊंची लपटें उठने लगी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से आसपास के क्षेत्र में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *