पाकिस्तान में खूनी चुनाव, ठीक एक दिन पहले आत्मघाती हमले में 14 की मौत

पाकिस्तान में आठ फरवरी यानी कल होने वाले आम चुनाव से पहले भीषण हिंसा शुरू हो गई है। बुधवार को एक निर्दलीय उम्मीदवार के दफ्तर के बाहर हुए विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ये विस्फोट बलूचिस्तान के पिशिन जिले में हुआ है। पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने पिशिन में विस्फोट का संज्ञान लिया है और सरकार से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने प्रांतीय मुख्य सचिव और प्रांतीय पुलिस प्रमुख से तत्काल रिपोर्ट मांगी है।

पिशिन के उपायुक्त जुम्मा दाद खान के अनुसार, यहां निर्दलीय उम्मीदवार असफंदयार काकर के चुनाव कार्यालय के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 14 लोग मारे गए और 30 घायल हो गए। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) की चुनावी सूची से पता चला है कि काकर एक स्वतंत्र उम्मीदवार हैं जो पीबी-47 लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका चुनाव चिह्न ‘कटोरा’ है।

अंतरिम बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री अली मर्दन खान डोमकी ने पिशिन में हुए विस्फोट की निंदा की है और आंतरिक मंत्रालय से रिपोर्ट मांगी है। एक बयान में, उन्होंने घटना पर गहरा दुख और अफसोस व्यक्त किया और अधिकारियों को घटनाओं में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए सभी प्रयास करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं शांतिपूर्ण चुनाव की प्रक्रिया को कमजोर करने की साजिश है… ऐसी घटनाओं में शामिल तत्वों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। लोगों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि लोगों को डरना नहीं चाहिए और कल अपने मताधिकार का प्रयोग करने जरूर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार के प्रयास जारी हैं।