कोंडागांव। जिले के पीएमश्री स्कूल डीपोपारा में शुक्रवार को शिक्षकों की कमी से नाराज पालकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। पालकों का कहना है कि उन्होंने शिक्षकों की नियमित भर्ती और व्यवस्था सुधारने के लिए कई बार आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। इसके चलते अब प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
पालकों के अनुसार, पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई के लिए केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक शिक्षिका हिना कश्यप स्वास्थ्य कारणों से लंबे समय से नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रही है। ऐसे में पूरे स्कूल की पढ़ाई का जिम्मा एक ही शिक्षिका पर होने से बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।

मांग पूरी हाेने तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे पालकों ने कहा कि जब जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री स्कूल की यह स्थिति है तो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षकों की नियमित भर्ती नहीं की जाती और पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।