रायपुर. छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर मंत्रालय कर्मचारी संघ ने प्रसन्नता व्यक्त की है. संघ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है.
मंत्रालय कर्मचारी संघ के अनुसार, शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संघ की प्रमुख मांगों में शामिल रहा है. नवीन संघ के गठन के बाद से ही इस विषय को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे. संघ के पदाधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव से चर्चा कर मांग के संबंध में निरंतर पहल एवं फॉलोअप किया जा रहा था. संघ ने उम्मीद जताई है कि मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद इस सुविधा के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और कर्मचारियों को उपचार के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी.
संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय ने कहा कि शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी महत्वपूर्ण निर्णय है. इससे कर्मचारियों को बीमारी एवं आपातकालीन उपचार के समय आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिलने की उम्मीद है. संघ ने इस विषय पर सकारात्मक पहल करने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है.
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजीष मिरे, संरक्षक किर्तीवर्धन उपाघ्याय, सचिव उमेश सिंह, संयुक्त सचिव महेश बड़ा, कोषाध्यक्ष छवि साहू एवं सदस्य कुंदन साहू ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया.