सीतापुर से सुनील गुप्ता की रिपोर्ट
सीतापुर। स्मार्ट मीटर वापस लेने, बिजली बिलों में हुई बढ़ोतरी पर रोक लगाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने किया।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सीतापुर शहर में रैली निकाली और बिजली कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर वापस लेने, बढ़े हुए बिजली बिलों से उपभोक्ताओं को राहत देने तथा पूर्व में लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः शुरू करने की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष है। कांग्रेस ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष मांगें रखी गईं।
कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, नेता, युवा कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदेश स्तर पर भी विरोध प्रदर्शन किए जाने की जानकारी सामने आई है।