MEA React On US Hindu Temple Mass Murder Conspiracy: अमेरिका के हिंदू मंदिर में ‘कत्लेआम की साजिश’ पर भारत भड़क गया है। अमेरिका के इलिनॉय राज्य में हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश की भारत ने निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय यानी एमईए ने अमेरिका को भारत विरोधी नफरतों पर अंकुश लगाने की नसीहत दी है।
मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के ऑरोरा इलाके में स्थित मंदिर पर हमले की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे जिस तरह की नफरती, नस्लवादी और भारत विरोधी मानसिकता सामने आई है। यह बेहद परेशान करने वाली है।
बता दें कि अमेरिका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा इलाके में स्थित एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश के आरोप में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पैलेटाइन का रहने वाला 19 साल का एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस नवरात्रि के पहले दिन मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल और 300 राउंड गोलियां लेकर मंदिर में गया भी था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एलेक्जेंड्रोस भारी हथियारों से लैस होकर मंदिर पहुंचा था और उसने गोलीबारी शुरू करने की कोशिश की। हालांकि उसकी बंदूक जाम हो गई और सैंकड़ों भक्तों की जान बच गई।
पैलेटाइन पुलिस के मुताबिक 11 अक्टूबर को माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस से संभावित मास शूटिंग की सूचना मिली थी। पुलिस के अनुसार जहां मास शूटिंग की प्लानिंग की गई थी वह दक्षिण-पश्चिमी सबअर्बन ऑरोरा में स्थित सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है। रविवार यानी 11 अक्टूबर को यह विशाल धार्मिक स्थल भक्तों से भरा हुआ था और वहां खुशी का माहौल था। इसी दौरान पैपोराकिस वहां बड़ी संख्या में भारतीयों को मारने के इरादे से पहुंचा। हालांकि उसकी मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल जाम हो गई। बंदूक जाम होने के बाद वह वापस अपने घर लौट आया। इसके बाद उसने इंटरनेट पर बंदूक को ठीक करने का तरीका खोजा। अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया कि वह बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की योजना बना रहा है।