देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ेंगे आने वाला चुनाव : डॉ रमन सिंह

रायपुर| आगामी 2023 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी माथापच्ची शुरू कर चुकी है,  इन सबके बीच एक सवाल भी तेजी से उठ रहा है कि चुनावों में चेहरा कौन होगा। किसे सामने रखकर भाजपा चुनाव लड़ेगी। इसे लेकर संगठन के सह प्रभारी नितिन नवीन ने जवाब दिया। कहा कि 2023 का चुनाव कमल फूल और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ा जाएगा। ऐसे में यह साफ हो गया कि भाजपा पिछले 15 सालों से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे, तीन चुनावों के प्रमुख पोस्टर बॉय रमन सिंह पर दांव नहीं खेलने वाली है।

भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और संगठन के सह प्रभारी नितिन नवीन शनिवार को दौरे पर रहे। नितिन नवीन बिलासपुर और डी पुरंदेश्वरी ने दुर्ग संभाग की बैठक ली। रात के वक्त रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कोर ग्रुप की बैठक हुई। देर रात खत्म हुई बैठक के बाद मीडिया ने डॉ रमन सिंह से इस संबंध में सवाल पूछे। डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि इससे पहले छत्तीसगढ़ में तीन चुनाव हुए हैं। कभी पार्टी ने किसी को चेहरा बनाकर कोई चुनाव नहीं लड़ा। हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाला चुनाव लड़ेंगे। भारतीय जनता पार्टी में चुनाव होने के बाद 1 घंटे में चेहरा तय हो जाता है। वहीं कांग्रेस आरोपों पर रमन सिंह ने कहा कि वो मेरी चिंता ना करें खुद की चिंता करें। कांग्रेस की हालत खराब है। नेतृत्व किसका होगा पूछे जाने पर डॉ रमन सिंह ने कहा कि हम सभी अपनी भूमिका निभाएंगे कार्यकर्ता शामिल होंगे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़ा चेहरा है। बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ में 2023 का चुनाव देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल फूल के निशान के साथ लड़ा जाएगा। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई बैठक में आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई । कांग्रेस की नीतियों की विफलता को लेकर जनता के बीच मुद्दे उठाए जाने , धरना प्रदर्शन , आंदोलन किए जाने जैसे टास्क स्थानीय नेताओं को दिए गए हैं। बूथ और ग्रामीण स्तर पर लोगों के बीच जाकर संगठन के सभी नेताओं को समय बिताने का टास्क भी दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *