रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित भारतमाला घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सोमवार तड़के ईडी की टीम ने धमतरी के कुरूद में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि भारतमाला परियोजना मामले में जांच के तहत उनके भाई के घर छापा पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह वास्तव में केवल उनके भाई तक सीमित मामला है या फिर पूरा प्रकरण अजय चंद्राकर से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से कहीं न कहीं बड़े भ्रष्टाचार की ओर संकेत मिलते हैं।
पीसीसी चीफ ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं पर कार्रवाई के बाद उन्हें बाद में सत्ताधारी दल में शामिल कर क्लीन चिट दे दी जाती है, जो एक पैटर्न जैसा प्रतीत होता है।
दीपक बैज ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि दो संभावनाएं हो सकती हैं- या तो अपने ही पार्टी के वरिष्ठ नेता को राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा रहा है, या फिर जो नेता विधानसभा में सरकार के खिलाफ मुखर रहते हैं, उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में यह पहली बार है जब किसी बीजेपी नेता के परिवार तक ईडी की कार्रवाई पहुंची है, जो अपने आप में गंभीर संकेत है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आधिकारिक तौर पर पूरे मामले में दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।
