बिलासपुर। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट लिमिटेड की ओर से शहरवासियों को एक साथ चार बड़ी सुविधा मिलने वाली है। इसके धरातल में आते ही विभिन्न प्रकार के खेल और उनके खिलाड़ियों को बेहतरीन प्लेटफार्म मिलेगा। खासतौर से महिला खिलाड़ियों के लिए अलग से राष्ट्रीय स्तर की मैदान की सुविधा मिलेगी।
इसी तरह नदी किनारे पूरे परिवार समेत शहरवासी अपना बेहतर समय बिता सकेंगे। वहीं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए रेंट ए साइकिल भी मिलेगी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहरवासियों को एक से बढ़कर एक सुविधा मिल रही है।
वहीं अब सुविधाओं का विस्तार मल्टीपर्पस स्कूल दयालबंद में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के रूप में, जीडीसी कालेज परिसर में पिंक स्टेडियम, जूना बिलासपुर अरपा नदी किनारे हैप्पी स्ट्रीट के साथ ही रेंट ए साइकिल की सुविधा मिलेगी।
ये चारों प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और इसको बस उद्घाटन का इंतजार है। जानकारी के मुताबिक इन चारों प्रोजेक्ट का उद्घाटन सीएम विष्णु देव साय कर सकते हैं। यह समारोह संभवत चार मार्च को होने की संभावना है। इसके बाद महिला खिलाड़ियों के साथ पुरुष खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा में निखार ला सकेंगे। वही हैप्पी स्ट्रीट पहुंचकर शहरवासी खुशी के पल बीता सकेंगे। इसी तरह किराए की साइकिल चलाकर अपने शरीर को भी फिट रख सकेंगे।
मल्टीपर्पस स्कूल मिनी स्टेडियम-स्पोर्टस काम्पलेक्स शहर के पुराने और प्रतिष्ठित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला मल्टीपर्पज़ स्कूल के मैदान को संवार कर एक सर्व सुविधायुक्त खेल स्टेडियम तैयार किया गया है। इसके लिए बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 14 करोड़ 91 लाख रुपए खर्च किया गया है।
मौजूदा स्थिति में यह पुरी तरह से तैयार हो चुका है। मैदान में दो अलग से भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके एक भवन में सिर्फ इनडोर गेम्स होंगे। जिसमें स्नूकर, बिलियर्ड्स, खेले जाएंगे। इसके अलावा इनडोर जिम, मेडिटेशन और योगा हाल, स्टीम रूम, मसाज और जेक्यूजी जैसी सुविधाएं होंगी। दूसरे भवन में एक ट्रेनिंग हाल का निर्माण किया गया है, जिसमें खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी भवन में अलग से वीआईपी गैलरी, एनाउंसमेंट बाक्स और कैंटीन भी बनाया गया है, ताकि मैच देखने पहुंचे दर्शकों को खाने पीने की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा स्टेडियम में ही 12 कमरे का एक हास्टल है, जिसमें बाहर से आए खिलाड़ियों के ठहराने की व्यवस्था है।
पिंक स्टेडियम प्रदेश के पहले पिंक स्टेडियम की सौगात
बिलासपुर की महिलाओं को मिलने जा रही है। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर के बिलासा गर्ल्स कालेज मैदान को पिंक स्टेडियम के रूप में तैयार किया गया है। लगभग पौने दो एकड़ जमीन में बने इस पिंक स्टेडियम की कई खूबियां है। स्टेडियम में दस से अधिक प्रकार के खेलों का आनंद उठाया जा सकेंगे। पिंक स्टेडियम में खो-खो मैदान, एथलेटिक ट्रैक, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, वालीबाल कोर्ट, कबड्डी मैदान, लांग और हाई जंप ट्रैक, जागिंग ट्रैक, इंडोर जिम की सुविधा मिल पाएगी है। इसके अलावा एक मल्टी एक्टीविटी हाल भी बनाया गया है। जहां अलग-अलग प्रकार से छोटे व मोटे खेल संबंधित गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। पिंक स्टेडियम में एक स्टेज भी तैयार किया गया है इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए रेस्ट रूम की भी व्यवस्था है। जहां बाहर से आने वाले खिलाड़ी ठहर सकेंगे। दर्शकों के लिए पूरे स्टेडियम में दर्शक दीर्घा भी तैयार किया गया है। इसकी लागत चार करोड़ 34 लाख रुपए हैं।